बहुचर्चित महिला पशु चिकित्सक (दिशा) की दुष्कर्म और हत्या मामले में सोशल मीडिया पर पीड़िता के बारे में कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मंगलवार को एक 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 नवंबर को यौन हिंसा की शिकार महिला की तस्वीरें अपलोड करने और उसके बारे में अश्लील और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद साइबर अपराध पुलिस ने मामला दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि पोस्ट अपमानजनक, घृणित और अश्लील है। इस पर एक मामला दर्ज किया गया और जांच के दौरान पुलिस ने निजामाबाद के आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता पशु चिकित्सक के पिता ने निर्भया केस के दोषियों को अब तक फांसी नहीं दिए जाने का हवाला देते हुए मांग की है कि दिशा के गुनहगारों को जल्द से जल्द सजा दी जाए। पीड़िता के पिता ने मंगलवार को कहा, दोषियों को जितना जल्दी संभव हो उतना जल्दी सजा देनी चाहिए। कई कानून बनाए गए लेकिन उनका पालन नहीं हो रहा है। सात साल पुराने निर्भया केस को ही देख लीजिए।